अमृतसर के छेहरटा की शिंगार एवेन्यू इलाके में शनिवार एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यहां खेलते समय पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली लगने से तीन साल के मासूम वंश की मौत हो गई, जबकि पास खड़ी उसकी दादी भी घायल हो गईं। घायल महिला को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पिता ने बेड पर रखी थी लोडेड पिस्तौल जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता साजन सुबह अपने बच्चों को स्कूल में पीटी मीटिंग के लिए लेकर गए थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्तौल भी थी। घर लौटने के बाद उन्होंने कपड़े बदलते समय लोडेड पिस्तौल बेड पर रख दी। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम वंश ने पिस्तौल उठा ली और अचानक ट्रिगर दब गया। गोली बच्चे के आर-पार निकल गई और पास खड़ी उसकी दादी को भी जा लगी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत बच्चे और घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने वंश को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वंश जुड़वा भाई था और उसकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। थाना छेहरटा पुलिस हर पहलू से कर रही जांच सूचना मिलने पर पंजाब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना छेहरटा के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लापरवाही के कारण हुई दुर्घटना का लग रहा है। पुलिस के मुताबिक पिस्तौल अनलॉक हालत में थी, जिसके कारण बच्चा आसानी से उसे उठा सका। फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान से खंगाला जा रहा है।


