रोहतक जिले के महम में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुतला फूंका। कर्मचारी 26 हजार रुपए मासिक वेतन की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से हड़ताल पर हैं। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। महम पंचायत समिति भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26 हजार रुपउ मासिक वेतन देने की घोषणा की थी, लेकिन यह घोषणा अभी तक लागू नहीं की गई है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलजीत ने कहा कि उन्हें गांव में किसी व्यक्ति या आवारा पशु की मौत होने पर सफाई और शव को दफनाने का काम भी करना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि कम वेतन में वे अपने बच्चों को कैसे पढ़ाएं और घर का खर्च कैसे चलाएं। सफाई कर्मचारी सुनीता ने बताया कि वे नालों की सफाई से लेकर मृत पशुओं को उठाने तक के सभी काम करते हैं। उन्होंने सरकार से उन्हें स्थायी करने और 26 हजार रुपए मासिक वेतन देने की मांग की। इसी मांग को लेकर आज मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर बलजीत प्रधान, दीपक, लखन, सतीश, कृष्ण, सुनील, सचिन, आशिन, मनदीप, गुगन, मनपाल और बिजेंद्र सहित कई ग्रामीण सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।


