बालोतरा में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब दिखने लगा है। जिले में बीते 9 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। शनिवार को पेट्रोल 94 पैसे और डीजल 92 पैसे महंगा हो गया। नई दरें लागू होने के बाद बालोतरा में पेट्रोल 111.31 रुपए और डीजल 96.57 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। 9 दिन में तीसरी बार बढ़ी कीमत इन नौ दिनों में कीमतों में पहली बड़ी बढ़ोतरी 15 मई को हुई थी। उस दिन पेट्रोल 3.24 रुपए और डीजल 3.02 रुपए महंगा हुआ था। इस बढ़ोतरी से पहले 14 मई तक बालोतरा में पेट्रोल की कीमत 106.19 रुपए प्रति लीटर थी, जो बढ़कर 109.43 रुपए और डीजल 94.74 रुपए प्रति लीटर हो गई थी। इसके बाद, 19 मई को दूसरी बार दरों में वृद्धि की गई। इस दौरान पेट्रोल 91 पैसे और डीजल 94 पैसे महंगा हुआ था। जिले में नई दरें लागू शनिवार को हुई तीसरी बढ़ोतरी के बाद, जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू हो गईं। पेट्रोल की कीमत 110.37 रुपए से बढ़कर 111.31 रुपए प्रति लीटर हो गई, जबकि डीजल के दाम 95.65 रुपए से बढ़कर 96.57 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गए। बीते 9 दिनों में बालोतरा में पेट्रोल कुल 5.12 रुपए और डीजल 4.85 रुपए प्रति लीटर महंगा हो चुका है। कीमतों में लगातार हो रही इस वृद्धि से आम लोगों, वाहन चालकों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।


