राष्ट्रीय सैनी सभा ने राजस्थान में अपने संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए बड़े पदाधिकारियों की घोषणा की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश सैनी की सहमति से राष्ट्रीय महासचिव जय भगवान सैनी ने इन नई नियुक्तियों का ऐलान किया। इस नए विस्तार में अजय सैनी को राजस्थान का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ ही डॉ. शिवकुमार सैनी को प्रदेश महासचिव और जयपुर के रहने वाले डी.सी. सैनी (डालूराम) को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय सैनी सभा पिछले लंबे समय से पूरे देश में सैनी, माली, कुशवाहा और शाक्य समाज को सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से एकजुट करने का काम कर रही है। राजस्थान में भी संगठन लगातार युवाओं को सामाजिक नेतृत्व से जोड़ने और समाज में शिक्षा, भाईचारा व जागरूकता बढ़ाने के अभियान में जुटा हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय सैनी सभा हमेशा से समाज के हितों की आवाज उठाती रही है। राजस्थान जैसे बड़े राज्य में संगठन को आगे ले जाने के लिए हमें समर्पित और सक्रिय लोगों की जरूरत थी। हमें पूरा भरोसा है कि यह नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव जय भगवान सैनी ने नए प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी को निर्देश दिए हैं कि वे जल्द से जल्द जिला और तहसील स्तर पर मजबूत टीमों का गठन करें, ताकि समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ा जा सके। राजस्थान के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी ने बताया कि राज्य के हर जिले में संगठन का विस्तार कर युवाओं, महिलाओं और बुद्धिजीवियों को जोड़ना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। संगठन को मजबूत करने के लिए जून महीने में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूरे राजस्थान से समाज के प्रबुद्ध लोग और युवा शामिल होंगे, जहां गांव और तहसील स्तर तक काम करने की रणनीति बनाई जाएगी।


