मुजफ्फरनगर के मीरापुर में 6 साल के असजद की मौत का लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वायरल सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार शाम करीब 5 बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मोहल्ला मुश्तर्क में कुछ बच्चे एक ठेले के साथ खेल रहे हैं। कुछ बच्चे ठेले पर बैठे हैं, जबकि कुछ उसे पीछे से धक्का दे रहे हैं। इसी दौरान 6 वर्षीय असजद पुत्र मोहसीन भी खेलते हुए ठेले के आगे की तरफ दिखाई देता है। वीडियो में अचानक ठेला तेज रफ्तार से आगे बढ़ता नजर आता है और असजद दीवार और ठेले के बीच आ जाता है। टक्कर इतनी तेज होती है कि मासूम वहीं बुरी तरह झटका खा जाता है। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर भागने की कोशिश करता है, लेकिन कुछ कदम चलने के बाद जमीन पर गिर पड़ता है। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो लोगों को झकझोर रहा है। इलाके में भी इस हादसे को लेकर मायूसी का माहौल बना हुआ है। बताया गया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए असजद की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। हालांकि मौत की खबर पहले ही सामने आ चुकी थी, लेकिन अब घटना का लाइव फुटेज सामने आने के बाद लोग इस हादसे की भयावहता को लेकर चर्चा कर रहे हैं। इस मामले में ऋषिका सिंह ने इसे दुखद हादसा बताते हुए कहा कि बच्चे खेल रहे थे और उसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। फिलहाल मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं कराई गई है।


