थाने में रील बनाना महिला पुलिसकर्मी को पड़ा भारी:मऊ में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया वीडियो बनाने पर निलंबन, जांच सीओ सिटी को सौंपी

थाने में रील बनाना महिला पुलिसकर्मी को पड़ा भारी:मऊ में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया वीडियो बनाने पर निलंबन, जांच सीओ सिटी को सौंपी

मऊ जिले में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया रील बनाना एक महिला पुलिसकर्मी को महंगा पड़ गया। शहर कोतवाली परिसर में हिंदी गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने के बाद पुलिस विभाग ने संबंधित महिला पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी ने ड्यूटी के दौरान थाने परिसर में यह रील बनाई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया नीति के उल्लंघन का मामला सामने आया। मऊ पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। पूरे मामले की जांच सीओ सिटी कृष राजपूत को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसपी बोले- नीति उल्लंघन पर होगी कार्रवाई मऊ के पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि कोतवाली कार्यालय में नियुक्त महिला पुलिसकर्मी ने कार्यालय में बैठकर गाने पर रील बनाई थी। उन्होंने कहा कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिसकर्मियों को पहले से दिए जाते हैं निर्देश एसपी ने बताया कि पुलिस विभाग में सोशल मीडिया नीति लागू है और उसके उल्लंघन पर कार्रवाई का स्पष्ट प्रावधान है। उन्होंने कहा कि बैठकों और ब्रीफिंग के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को लगातार निर्देश दिए जाते हैं कि ड्यूटी के दौरान रील या सोशल मीडिया वीडियो न बनाएं। एसपी ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि कोई पुलिसकर्मी ऐसे निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *