8 दिन बाद कानपुर में मिली लापता किशोरी:मां की डांट से नाराज होकर भागी, जेवर लेकर घर से निकली थी

8 दिन बाद कानपुर में मिली लापता किशोरी:मां की डांट से नाराज होकर भागी, जेवर लेकर घर से निकली थी

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत एक 16 वर्षीय लापता किशोरी को बरामद किया है। किशोरी 8 दिन पहले घर से नाराज होकर निकली थी और अपने साथ जेवर भी ले गई थी। उसे सकुशल परिजनों और स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। यह घटना शुक्रवार की है। कानपुर सेंट्रल में उपनिरीक्षक मोहम्मद असलम खान अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दिल्ली साइड की सीढ़ियों के पास एक किशोरी गुमसुम बैठी मिली। उसकी संदिग्ध हालत देखकर महिला कांस्टेबल पूजा गुप्ता को मौके पर बुलाया गया और किशोरी को आरपीएफ पोस्ट पर लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। 8 दिन पहले वह घरवालों से नाराज होकर जेवर लेकर घर से भाग निकली थी। उसने यह भी बताया कि कुछ जेवर उसने खागा के एक सुनार को बेच दिए थे, और उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। आरपीएफ ने किशोरी को महिला स्टाफ की निगरानी में सुरक्षित रखा और तत्काल उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। बाद में किशोरी के माता-पिता खागा थाने की पुलिस टीम के साथ कानपुर सेंट्रल पहुंचे। आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार ने जानकारी दी कि किशोरी की मां ने 18 मई को थाना खागा में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। फतेहपुर पुलिस भी किशोरी की तलाश में जुटी थी। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों और पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिवार भावुक हो गया। परिजनों और खागा पुलिस ने आरपीएफ कानपुर की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत लापता बच्चों और किशोरों को उनके परिवारों तक सुरक्षित पहुंचाने का अभियान जारी रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *