हाथरस में चौकी इंचार्ज 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:एंटी करप्शन टीम ने सिकंद्राराऊ की कचौरा चौकी से दबोचा

हाथरस में चौकी इंचार्ज 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:एंटी करप्शन टीम ने सिकंद्राराऊ की कचौरा चौकी से दबोचा

हाथरस में अलीगढ़ से आई एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार शाम सिकंद्राराऊ की कचौरा पुलिस चौकी पर छापा मारा। टीम ने चौकी इंचार्ज जंगजीत सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले सिकंद्राराऊ क्षेत्र में एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में कोतवाली सिकंद्राराऊ में मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन टीम को बताया कि चौकी इंचार्ज जंगजीत सिंह इस मामले में कार्रवाई के नाम पर 10,000 रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे शिकायतकर्ता ने कटोरा पुलिस चौकी के अंदर चौकी इंचार्ज जंगजीत सिंह को 10,000 रुपये दिए। उसी समय एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। पांच-पांच सौ के बीस नोट हुए बरामद दरोगा के पास से 500-500 रुपये के 20 नोट बरामद किए गए। गिरफ्तारी के बाद टीम चौकी इंचार्ज जंगजीत सिंह को अपने साथ हाथरस जंक्शन थाने ले गई, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि चौकी इंचार्ज को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *