फलोदी। जिला अस्पताल में आयोजित नसबंदी शिविर के बाद एक विवाहिता की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने पर महिला को बीकानेर रेफर किया गया था, जहां पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्वर्णकार समाज में भारी रोष फैल गया और बड़ी संख्या में समाज के लोग बीकानेर पहुंचकर पीबीएम अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन पर बैठ गए।
यह वीडियो भी देखें
गत 16 मई को करवाई थी नसबंदी
जानकारी के अनुसार 16 मई को फलोदी जिला अस्पताल में नसबंदी शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में चम्पासर गांव निवासी 23 वर्षीय संजू सोनी पत्नी संतोष सोनी ने भी नसबंदी ऑपरेशन करवाया था। ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही हुई, जिससे महिला की आंत कट गई और उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। परिवार का कहना है कि तबीयत खराब होने पर पहले उसे बीकानेर के कोठारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन के दौरान आंत कटने की बात कही। इसके बाद महिला को गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
शव लेने से इनकार, बीकानेर में दिया धरना
स्वर्णकारी हस्तकला विकास एवं शिक्षण संस्थान के जिलाध्यक्ष सुनील सोनी ने बताया कि महिला की मौत के बाद समाज में भारी नाराजगी है। समाज के लोगों ने शव लेने से इनकार करते हुए अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चिकित्सकों और नसबंदी टीम के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई।
सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ बीकानेर पहुंचा समाज
समाज के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सोनी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फलोदी से बड़ी संख्या में समाजबंधु सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ बीकानेर पहुंचे। धरना स्थल पर जेताराम सोनी, छगनलाल सोनी, पूनमचंद सोनी, श्रवण घंटियाली, गजाराम सोनी, देवीलाल सोनी, नवीन सोनी, ओमप्रकाश सोनी, महावीर सोनी, अचलाराम सोनी, अनिल सोनी, जितेंद्र भोजास, किशोर सोनी, रामचंद सोनी, दुर्गाशंकर सोनी और गणेश सोनी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
घटना को लेकर श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार संघ फलोदी की ओर से मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा गया है। संघ के अध्यक्ष एडवोकेट पुखराज सोनी ने बताया कि तीन बच्चों की मां संजू सोनी की मौत चिकित्सकीय लापरवाही का परिणाम है। ज्ञापन में दोषी चिकित्सकों और नसबंदी टीम के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है।


