सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र के गांव छापुर के ग्राम प्रधान के साथ कथित अभद्र व्यवहार और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के मामले में कार्रवाई न होने पर प्रधान संगठन ने रोष व्यक्त किया है। नई दृष्टि नव युग प्रधान संगठन के अध्यक्ष संजय वालिया के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों और पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को एसएसपी अभिनंदन को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रधान संगठन के अध्यक्ष संजय वालिया ने बताया कि गांव छापुर के ग्राम प्रधान अंकुर कुमार के पास गांव की एक महिला पूजा रानी निवास प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य के लिए आई थी।आरोप है कि उस समय प्रधान मौके पर नहीं मिले। फोन पर बातचीत के दौरान महिला ने ग्राम प्रधान के साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। बाद में महिला अपने भाइयों के साथ प्रधान के घर भी पहुंची, जहां दोबारा अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप है। संगठन का कहना है कि ग्राम प्रधान अंकुर कुमार ने इस मामले की शिकायत सरसावा थाने में दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस ने हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले को गंभीरता से नहीं लिया। प्रधान संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस की इस कार्यशैली से ग्राम प्रधानों में नाराजगी बढ़ रही है और उनके सम्मान को ठेस पहुंच रही है। संजय वालिया ने बताया कि पिछले लगभग दो महीनों से पीड़ित पक्ष लगातार कार्रवाई की मांग कर रहा है, लेकिन पुलिस केवल आश्वासन देकर मामले को टाल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी सरकार की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं। संगठन ने मांग की है कि मामले की जांच किसी अन्य क्षेत्राधिकारी से कराई जाए और आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। प्रधान संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो जिलेभर के ग्राम प्रधान सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। हालांकि,संगठन ने एसएसपी की कार्यप्रणाली पर भरोसा जताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद भी व्यक्त की है। इस दौरान ग्राम प्रधान अंकुर कुमार,जीशान, राजेश कश्यप, चंपा, अंजू, उषा, मंजू, संगीता, ममता, बबली, राजेश्वरी, बबीता सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


