बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र की महेंद्र नगर फेस-1, डोहरा रोड कॉलोनी में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी शिकायतें नहीं सुन रहे हैं और फोन भी नहीं उठा रहे हैं। इस समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के संयोजक प्रेम शंकर पटेल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल आउटरीच कांग्रेस के प्रदेश सचिव रविन्द्र सहारा एडवोकेट ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की। रविन्द्र सहारा और प्रेम शंकर पटेल ने बताया कि 17 मई को कॉलोनी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसे लगभग 30 घंटे बाद बदला गया, लेकिन इसके बाद भी क्षेत्र में बिजली संकट बना हुआ है। पिछले चार दिनों से रात दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हरूनगला बिजली सब स्टेशन पर कोई फोन नहीं उठाता। संबंधित जेई और एसडीओ के मोबाइल नंबर भी या तो बंद रहते हैं या कॉल रिसीव नहीं की जाती। 20 मई को अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे हरूनगला विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की होगी। शिकायत दर्ज कराते समय सचिन, दिनेश कुमार, महेश पटेल, अमित पाठक, शशि रानी और प्रेम शंकर पटेल सहित कई क्षेत्रवासी मौजूद थे।


