भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने शुक्रवार को विकास खंड नौगढ़ की ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर-14 का दौरा किया। उन्होंने यहां चल रहे मकानों की गणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर चल रही व्यवस्थाओं, गणना कार्य की प्रगति और संबंधित कर्मचारियों के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने गणना प्रपत्रों के संधारण, अभिलेखों की स्थिति, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता, सावधानी और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत आंकड़ों की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए, क्योंकि जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही आने वाले वर्षों की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का आधार बनते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार, पेयजल और विद्युत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही तैयार करती है। ऐसे में प्रत्येक परिवार और मकान का सही विवरण दर्ज किया जाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर गंभीरता के साथ जानकारी एकत्रित करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी परिवार या मकान गणना से छूटने न पाए। आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य किया जाए। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों और अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही भारत की जनगणना 2027 का कार्य सफलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


