गाजीपुर में 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार:नर्सिंग और प्राइवेट सेक्टर में पुरुषों-महिलाओं को देश-विदेश में मिलेंगे अवसर

गाजीपुर में 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार:नर्सिंग और प्राइवेट सेक्टर में पुरुषों-महिलाओं को देश-विदेश में मिलेंगे अवसर

गाजीपुर जिला प्रशासन ने “मिशन रोजगार” अभियान के तहत युवाओं के लिए बड़े नौकरी के अवसर खोले हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि अगले छह महीनों में 38 रोजगार कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से 8 से 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। जिसमें पुरुषों के साथ महिलाओं के लिए भी बड़ी संख्या में अवसर होंगे। युवाओं से rojgarsangam.up.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की गई है, जहां अब तक लगभग 12 हजार लोग पंजीकरण करा चुके हैं। घरेलू स्तर पर, गुजरात की ब्रह्मपुत्र आउटसोर्सिंग कंपनी में 18 हजार पदों पर भर्ती शुरू की गई है। इन पदों में फैक्ट्री वर्कर, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, सुपरवाइजर और तकनीकी स्टाफ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मारुति कंपनी में भी 500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इन नौकरियों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, और चयनित अभ्यर्थियों को 18 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। जिला प्रशासन के अनुसार, रोजगार कैंपों में कंपनियां सीधे इंटरव्यू के माध्यम से युवाओं का चयन करेंगी। विदेश में भी नौकरी मिलने का मौका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महिलाओं के लिए विशेष अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। डीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि जर्मनी में 1000 महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती निकली है। इसमें बीएससी नर्सिंग और जीएनएम डिग्रीधारकों को स्टाफ नर्स और हेल्थकेयर सेक्टर में नौकरी दी जाएगी, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को 2 लाख रुपये से अधिक मासिक वेतन मिलने की संभावना है। इसके अलावा, जापान, इजराइल और सऊदी अरब जैसे देशों में भी तकनीकी, हेल्थकेयर और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला प्रशासन का दावा है कि यह अभियान गाजीपुर के युवाओं को स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार तक पहुंचने में मदद करेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *