फिरोजाबाद में आगामी ईद के त्योहार के मद्देनजर शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। शिकोहाबाद नगर में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में अदा की गई। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने भारी पुलिस बल के साथ नगर के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फ्लैग मार्च एटा चौराहा से शुरू होकर एटा तिराहा, मस्जिद मोहल्ला, गड़इया और रुकनपुरा क्षेत्र तक निकाला गया। इस दौरान प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। गश्त के दौरान अंबरीश कुमार और अनुज कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और धर्मगुरुओं से बातचीत कर भाईचारे और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि त्योहारों के दौरान अफवाह या अव्यवस्था फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस प्रशासन की सक्रियता और सतर्कता से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।


