सागर में मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड में गयादीन चौराहे पर गुरुवार देर रात गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल को भाग्योदय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार सुबह से शव का पंचनामा बनाकर पुलिस पोस्टमार्टम करा रही है। देशी कट्टे से कनपटी पर फायर
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात 10.30 से 11 बजे के बीच विवेकानंद वार्ड गयादीन तिराहा के पास मयंक साहू और यश सोनी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान यश सोनी ने 315 बोर का देशी कट्टा निकाला और मयंक पर फायर कर दिया। गोली मयंक के चेहरे पर नाक के बाजू में लगी। जिससे वह गंभीर घायल हुआ। वारदात कर आरोपी मौके से फरार हो गया। मयंक को गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यश ने मयंक के पास आकर काफी नजदीक से कनपटी पर गोली मारी थी। उसके साथ कुछ और बदमाश भी थे। संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस
वारदात सामने आते ही एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। वारदात की जांच शुरू की गई। वारदातस्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान हुई है। जिसके आधार पर पुलिस दबिश दे रही है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मृतक और आरोपी के बीच चल रहा था विवाद
आरोपी यश सोनी के खिलाफ पूर्व में अड़ीबाजी, लूटपाट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। उसका मृतक मयंक के साथ पुराना विवाद चल रहा था। दोनों एक ही गली के रहने वाले हैं। वर्चस्व की लड़ाई भी थी। इस मामले को यश सोनी के भाई जय सोनी की हत्या के मामले से भी जोड़ा जा रहा है। जय सोनी की हत्या एक साल पहले होली पर गणेश घाट पर की गई थी। हालांकि पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पूछताछ के बाद ही हत्या की स्पष्ट वजह सामने आ सकेगी।


