गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में 11वीं में पढ़ने वाला अंश मौर्या डूब गया। उसके साथ पांच और दोस्त राप्ती नदी में नहाने गए थे। पुलिस दोस्तों से पूछताछ कर रही है। नदी किनारे ही अंश का कपड़ा भी मिला है। इस घटना के बाद से ही छात्र के घर कोहराम मच गया है। चीखते चिल्लाते हुए छात्र की मां बताया कि मेरा बेटा अंश इस बार 10वीं में स्कूल टॉप किया था। उसके दोस्तों ने ही उसे डुबोया है। मेरा बेटा पढ़ने में बहुत तेज था, इसलिए उससे सब जलते थे। यह कहते हुए वह चीख-चीखकर रोने लगीं। गुरुवार शाम की यह घटना है। शुक्रवार की सुबह से ही एनडीआरएफ टीम राप्ती नदी में छात्र की तलाश कर रही है। अभी तक छात्र का कहीं पता नहीं चल पाया है। अब विस्तार से जानिए पूरा मामला घर से बुलाकर ले गए थे 5 दोस्त पुलिस के मुताबिक, अंश मौर्या के पिता राम प्रवेश मौर्या पंजाब में टाइल्स के ठेकेदार हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। वह फ्लाइट से गोरखपुर के लिए रवाना भी हो गए हैं। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के महेवा में छात्र का घर है। वह झंगहा के रामनगर में स्थित मामा के घर पर ही रहकर पढ़ता था। उसकी मां प्रतिमा मौर्या भी उसके साथ मायके में ही थीं। अंश झंगहा के आदित्य पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। यहीं से इस बार उसने हाई स्कूल में टॉप भी किया था। अंश की मां प्रतिमा ने बताया कि गुरुवार दोपहर के समय बेटा 5 दोस्तों के साथ घर से निकला था। शाम करीब 3 बजे उसके राप्ती नदी में डूबने की सूचना मिली। जिसकी पुलिस को भी सूचना दी गई है। अंश दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई अरूष का भी रो रोकर बुरा हाल है। शाम हो जाने की वजह से पहले दिन एनडीआरएफ रेस्क्यू नहीं कर पाई। शुक्रवार सुबह से ही एनडीआरएफ रेस्क्यू शुरू कर चुकी है। वहीं राप्ती नदी के किनारे झंगहा पुलिस के साथ आस-पास से सैकड़ों लोग जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि दोस्तों से पूछताछ में वे सही जवाब नहीं दे पा रहे हैं। दोस्तों का कहना था कि अंश कपड़ा पहनकर नहा रहा था। अचानक वह गहरे पानी में जाने की वजह से डूबने लगा। हमलोगों ने बचाने का प्रयास भी किया था। लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। वहीं पुलिस ने जब नदी किनारे आस-पास छानबीन की तो झाड़ियों में अंश का कपड़ा मिला है। इस वजह से दोस्त शक के दायरे में आ गए हैं। झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि छात्र की तलाश में नदी में रेस्क्यू चल रहा है। बॉडी मिलने के बाद ही सही स्थिति का पता चल पाएगा।


