मेरठ के किला रोड स्थित BNG स्कूल के पास शुक्रवार सुबह करीब 25 से 30 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अजगर सड़क किनारे झाड़ियों के पास दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी छात्र नेता विनीत चपराना को दी। सूचना मिलते ही विनीत चपराना चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वन विभाग और डीएफओ वंदना फोगाट को मामले की सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के काफी देर बाद तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। छात्र नेता विनीत चपराना ने बताया कि लगभग दो घंटे अजगर को दिखाई इिए हो चुके हैं। वन विभाग को सूचना दी हुई है तब भी अभी तक कोई नहीं पहुंचा है। विभाग द्वारा प्राईवेट लड़के अजगर पकड़ने भेज दिए जाते हैं, लेकिन आज वह भी नहीं आए। साफ तौर पर दिख रहा है कि अजगर घायल भी है जिस कारण वह चलने में असमर्थ है । हमने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि अजगर का जल्द रेस्क्यू नहीं होता तो हम यही धरने पर बैठ जाएंगे। लोगों का कहना है कि अजगर के पास ही BNG स्कूल स्थित है और आसपास जेसीबी मशीन से निर्माण कार्य भी चल रहा था। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। वहीं बड़ी संख्या में लोग विशाल अजगर को देखने के लिए मौके पर जुटे रहे।


