रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी गोरखपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। गोरखपुर प्लेटफॉर्म से हुई गिरफ़्तारी यह कार्रवाई 21 मई को रेलवे स्टेशन गोरखपुर के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पश्चिमी छोर पर की गई। अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में चलाया जा रहा है। वहीं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर विनोद कुमार के निकट पर्यवेक्षण में जीआरपी टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ा। दोनों आरोपी की हुई पहचान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उरुवा थाना क्षेत्र के मर्चा के रहने वाले विशाल तिवारी उर्फ नन्हे तिवारी (21 वर्ष) तथा पिपराईच थाना के वार्ड नंबर-12, कस्बा पिपराईच के अफरोज अली उर्फ अब्बास (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को निशाना बनाते थे। खासकर सो रहे यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी कर लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल और सामान को राह चलते लोगों को बेचकर अपना खर्च चलाते थे। बुधवार को भी दोनों चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, तभी जीआरपी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बरामद मोबाइलों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जीआरपी थाना गोरखपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य कानूनी कार्रवाई में जुटी है। आरोपी विशाल तिवारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया जांच में पता चला कि आरोपी विशाल तिवारी उर्फ नन्हे तिवारी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में होने वाली मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


