छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में सड़क दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तब घटित हुई, जब कैंपर वाहन में सवार होकर सभी घरघोड़ा की ओर आ रहे थे। तभी तेज रफ्तार वाहन गांव के बाहर बने स्वागत द्वार से टकरा गई। घटना के बाद घायलो को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा क्षेत्र के रहने वाला सत्येंद्र पांडे 45 साल ट्रांसपोर्टिंग का काम करता था। तमनार क्षेत्र में उनका काम चलने से सत्येंद्र पांडे, रोहित कश्यप 35 साल, जितेन्द्र सिंह 56 साल व विपिन सिंह 38 साल गुरूवार की देर शाम कैंपर वाहन में सवार होकर घरघोड़ा की ओर आ रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कैंपर वाहन झरियापाली और देवगढ़ के बीच में लगे स्वागत द्वार पर जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सत्येन्द्र पांडे और वाहन चालक रोहित कश्यप की मौके पर मौत हो गई। वहीं जितेन्द्र सिंह व विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी जब आसपास के लोगों को लगी, तो वे मौके पर पहुंच गए और मामले की सूचना पुलिस को दी। ऐसे में घरघोड़ा थाना प्रभारी व अन्य पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलो को ईलाज के लिए अस्पताल भेजवाया।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जूटी
घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि कैंपर वाहन का स्वागत द्वार में टकरा जाने से हादसा हुआ है। मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। ट्रांसपोर्ट संबंधी इनका काम इस क्षेत्र में चलने की बात कही जा रही है। हांलाकि पुलिस आगे की कार्रवाई में जूट गई है।


