रामपुर में 16 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त:नैनीताल हाईवे पर आरडीए ने नोटिस के बाद की कार्रवाई

रामपुर में 16 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त:नैनीताल हाईवे पर आरडीए ने नोटिस के बाद की कार्रवाई

रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने गुरुवार को शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नैनीताल हाईवे स्थित बिलासपुर गेट पर लगभग 16 बीघा जमीन पर हो रही अनाधिकृत प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और आरडीए की टीम मौजूद रही, जिससे अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, नैनीताल हाईवे पर गाटा संख्या 104, 105 और 106 की नानजेड ए भूमि पर बिना धारा-80 और बिना ले-आउट स्वीकृति के अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। रामपुर विकास प्राधिकरण ने पूर्व में भूखंड स्वामियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन निर्धारित समय में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद विभाग ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया। गुरुवार को सहायक अभियंता रवि शंकर गुप्ता के नेतृत्व में आरडीए की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच के दौरान पाया कि जमीन पर अवैध प्लॉटिंग का कार्य तेजी से चल रहा था। इसके बाद जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण और प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान थाना गंज पुलिस, विभागीय कर्मचारी और मेट भी मौजूद रहे। बताया गया कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला मीडिया प्रभारी अब्दुल रज्जाक खां ने इस मामले की शिकायत अधिकारियों से की थी। आरोप था कि बिना अनुमति के अवैध प्लाटिंग की जा रही है, लेकिन शुरुआती स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद विभाग हरकत में आया और ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई की गई। आरडीए की इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में खलबली मची हुई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति और नियमों के विरुद्ध होने वाली प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *