सलेमपुर में विद्युत अधिकारियों को राज्यमंत्री ने लगाई फटकार:उपभोक्ताओं का लाइनमैन नहीं उठा रहे फोन, बोली- सरकार की छवि धूमिल कर रहे

सलेमपुर में विद्युत अधिकारियों को राज्यमंत्री ने लगाई फटकार:उपभोक्ताओं का लाइनमैन नहीं उठा रहे फोन, बोली- सरकार की छवि धूमिल कर रहे

देवरिया के सलेमपुर स्थित विद्युत वितरण खंड का राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने गुरुवार को निरीक्षण किया। भीषण गर्मी के बीच लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई। राज्य मंत्री ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर न बदले जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर जलने पर उसे घंटों के भीतर बदला जाए। ग्रामीण इलाकों में भी शिकायत मिलने पर तत्काल टीम भेजकर ट्रांसफार्मर बदलने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य सुनिश्चित किया जाए। राज्य मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में जनता को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागीय लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने देने पर जोर दिया। राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि आप लोग लापरवाही और कार्यशैली से सरकार की छवि धूमिल कर रहे है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि विद्युत विभाग के कई कर्मचारी और अधिकारी उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठाते, जिससे उनकी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इस पर राज्य मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि फोन न उठाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा, “यदि कहीं तार गिर जाए या कोई दुर्घटना हो जाए और विभाग के कर्मचारी फोन न उठाएं, तो जनता किससे मदद मांगेगी? यह एक गंभीर मामला है।” राज्य मंत्री ने विभागीय कार्यवाही रजिस्टर की भी जांच की और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों में हलचल देखी गई। राज्य मंत्री ने विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने, फाल्ट होने पर तत्काल मरम्मत कराने और उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर भाजपा नेता त्रिपनायक विश्वकर्मा और शिवाकांत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *