भिवानी में हिसार का युवक काबू:युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर करता था ठगी, थाइलेंड में नौकरी का दिया था झांसा

भिवानी में हिसार का युवक काबू:युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर करता था ठगी, थाइलेंड में नौकरी का दिया था झांसा

भिवानी के थाना साइबर क्राइम ने अवैध तरीके से विदेश भेजने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भिवानी के गांव रतेरा निवासी अंकुश ने थाना साइबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह हिसार में जोमैटो राइडर का कार्य करता था। उसके एक साथी ने उसे बताया कि हिसार के गांव बगला निवासी सोनू विदेश में नौकरी दिलवाने का काम करता है। इसके बाद शिकायतकर्ता की आरोपी सोनू से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई। जिसमें आरोपी ने उसे थाईलेंड में डाटा ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता को 29 मई 2025 को बैंकॉक भेजा गया। जहां से उसे अवैध तरीके से जंगल के रास्ते म्यांमार भेज दिया। वहां पहुंचने के बाद जब शिकायतकर्ता ने वापस घर जाने की बात कही तो आरोपियों द्वारा उससे पैसों की मांग की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। हिसार का रहने वाला आरोपी
भिवानी थाना साइबर क्राइम के सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने का झांसा देकर अवैध रूप से विदेश भेजने के मामले में आरोपी को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिसार की आदमपुर मंडी निवासी आशीष पुत्र संजय के रूप में हुई है। आशीष युवाओं को बहला-फुसलाकर मुख्य आरोपी से मिलवाता था
पुलिस पूछताछ में आरोपी आशीष ने बताया कि वह युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बहला फुसलाकर आरोपी सोनू से मिलवाता था। आरोपी आशीष पर जिला सिरसा में पहले भी एक धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। पुलिस टीम ने केस के मुख्य आरोपी सोनू निवासी बगला जिला हिसार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी आशीष को न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने आरोपी को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए। पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस भिवानी आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या फर्जी एजेंट के झांसे में ना आएं। विदेश जाने के लिए संबंधित देश की एंबेसी व अधिकृत माध्यमों से ही संपर्क करें। यदि किसी नागरिक के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी होती है तो तुरंत संबंधित पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *