इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) में सीज़फायर का कोई फायदा नहीं हो रहा है। 16 अप्रैल को पहली बार दोनों देशों में 10 दिन के सीज़फायर पर सहमति बनी थी, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ और इज़रायल ने इस दौरान भी हमले नहीं रोके। इसकी डेडलाइन खत्म होने के बाद सीज़फायर को 3 हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया था, लेकिन इज़रायल के हमले जारी रहे। 15 मई को एक बार फिर दोनों देशों के बीच 45 दिन के सीज़फायर की सहमति बनी, लेकिन इसके बावजूद इज़रायली हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे। इज़रायली हमलों की वजह से लेबनान में 3,000 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इसी बीच अब लेबनान के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) ने इज़रायली सेना के खिलाफ पलटवार किया है।
लेबनान में हिज़बुल्लाह ने इज़रायली सेना पर किए हमले
साउथ लेबनान में इज़रायली सेना तैनात है। हिज़बुल्लाह ने जानकारी दी है कि उसके लड़ाकों ने साउथ लेबनान में इज़रायली सेना को निशाना बनाकर कई हमले किए हैं। उसने इन हमलों को इज़रायल द्वारा सीज़फायर उल्लंघन और लेबनानी सीमावर्ती गांवों पर हमलों के जवाब में उठाया गया कदम बताया है।
गोलीबारी के साथ तोप के गोलों और रॉकेट्स से किया हमला
हिज़बुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने रात भर साउथ लेबनान में इज़रायली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की। यह हमला दिबिल, रशाफ़ और हदाथा के आसपास के इलाकों पर इज़रायली ड्रोन हमलों और भारी मिसाइल हमलों के बाद हुआ, जिनमें कई निर्दोष लोग मारे गए और उससे भी ज़्यादा घायल हुए। इन हमलों का बदला लेने के लिए ही हिज़बुल्लाह ने बड़े पैमाने पर इज़रायली सेना पर हमले किए। इसके अलावा हिज़बुल्लाह ने आज सुबह दीर सिरियान के पास इज़रायली सैनिकों पर तोप के गोलों और रॉकेट्स से भी हमले किए। इसके बाद क़ौज़ा में इज़रायली सैनिकों और वाहनों को तोप के गोलों से निशाना बनाया गया। इन हमलों में कितने इज़रायली सैनिक मारे गए, फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन हिज़बुल्लाह के अनुसार इन हमलों की वजह से इज़रायली सेना को नुकसान पहुंचा है। इज़रायली सेना की ओर से हिज़बुल्लाह के हमलों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



LIVE updates: