अयोध्या में युवती की संदिग्ध मौत:पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से नहीं खुला मौत का राज, विसरा जांच के लिए सुरक्षित

अयोध्या में युवती की संदिग्ध मौत:पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से नहीं खुला मौत का राज, विसरा जांच के लिए सुरक्षित

अयोध्या के इनायतनगर थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में 18 वर्षीय एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। जानकारी के अनुसार, कोटवा गांव निवासी सिकंदर की बेटी मुस्कान को एक दिन पहले रात में अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत हुई थी। परिजनों ने पहले घर पर ही उपचार किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिवार के लोग उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवती की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। मुस्कान की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का कहना है कि वह स्वस्थ थी और अचानक तबीयत बिगड़ने से सभी हैरान हैं। घटना की सूचना मिलने पर इनायतनगर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बीमारी से जुड़ा प्रतीत हो रहा था। युवती को उल्टी-दस्त की शिकायत थी, जिसके कारण उसकी हालत गंभीर हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने गुरुवार को बताया कि युवती का विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। यह कदम जांच के दौरान किसी भी आशंका की वैज्ञानिक तरीके से पुष्टि करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल घटना केबाद से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं भी होना शुरू हो गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *