तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचला:2 किमी. पीछाकर डंपर चालक को लोगों ने पकड़ा, पीटकर पुलिस को सौंपा

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचला:2 किमी. पीछाकर डंपर चालक को लोगों ने पकड़ा, पीटकर पुलिस को सौंपा

आगरा के बोदला-सिकंदरा रोड पर बुधवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने युवक को टक्कर मारने के बाद करीब 25 मीटर तक घसीटा। हादसे में युवक का एक पैर शरीर से अलग हो गया। चालक डंपर लेकर भागने लगा तो लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर पथराव किया और कारगिल तिराहे के पास उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। घटना रात करीब 11 बजे थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के लाल मस्जिद के पास हुई। पुलिस के मुताबिक आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-4 निवासी 40 वर्षीय सुरमीत सिंह बेदी बाइक से बोदला से सिकंदरा की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। सुरमीत डंपर के पहियों के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और रफ्तार बढ़ा दी। यह देखकर राहगीरों ने शोर मचाया और अपने वाहनों से डंपर का पीछा शुरू कर दिया। लोगों के पथराव से घबराकर चालक ने कारगिल तिराहे के पास डंपर रोक दिया। भीड़ ने उसे पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया और थाना जगदीशपुरा भेज दिया। हादसे के बाद बोदला मार्ग पर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस जांच में सामने आया कि डंपर में गिट्टी भरी थी और वह फतेहपुर सीकरी व वायु विहार रोड होते हुए सिकंदरा की तरफ जा रहा था। डंपर को सासनी, हाथरस जाना था। आरोपी चालक की पहचान नगला हंसराज, जगनेर निवासी निरंजन के रूप में हुई है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी तो पता चला कि पूरा परिवार किसी कार्यक्रम में शामिल होने लखनऊ गया हुआ था। सूचना मिलते ही परिवार आगरा के लिए रवाना हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *