मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्सिंगकर्मी ने की आत्महत्या:फांसी पर पिता का शव देख पांच साल का बेटा हुआ बेहोश

मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्सिंगकर्मी ने की आत्महत्या:फांसी पर पिता का शव देख पांच साल का बेटा हुआ बेहोश

ललितपुर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 26 वर्षीय आउटसोर्सिंगकर्मी छक्कीलाल ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। उनका शव शहर के मोहल्ला रावतयाना, कैलगुवा रोड स्थित किराए के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पिता का शव देखकर उनका पांच साल का बेटा सदमे में आकर बेहोश हो गया। बच्चे को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो घंटे बाद उसे होश आया। परिजनों ने आत्महत्या का कारण अज्ञात बताया है। मृतक छक्कीलाल ग्राम बमराना, थाना नाराहट का निवासी था। उसके बड़े भाई जगदीश ने बताया कि छक्कीलाल पिछले 6-7 साल से मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग के तहत वार्ड बॉय का काम कर रहा था। वह शहर के मोहल्ला रावतयाना, कैलगुवा रोड के पास एक किराए के कमरे में अपनी पत्नी आरती और पांच साल के बेटे संजू के साथ रहता था। उसकी पत्नी आरती कैलगुवा रोड पर स्थित एंब्रोसिया कॉलोनी में घरेलू कामकाज करती थी। बुधवार सुबह पति-पत्नी ने खाना खाया। आरती अपने काम पर चली गई, जबकि छक्कीलाल और उनका बेटा संजू घर पर थे। इसी दौरान छक्कीलाल के पड़ोस में रहने वाले हजारी सब्जी लेने आए। उन्होंने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला, तो छक्कीलाल रोशनदान से रस्सी के फंदे पर लटके हुए मिले। हजारी ने तुरंत मोहल्लेवासियों, पास में रह रहे छक्कीलाल के साले मोहन और उसके बेटे लाली को सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *