डीडवाना-कुचामन जिले में एसपी ऋचा तोमर को उनके ट्रांसफर पर पुलिस विभाग द्वारा विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त स्टाफ ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। तोमर को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन और संवेदनशील कार्यशैली के लिए याद किया जाएगा। अपने कार्यकाल के दौरान, तोमर ने टीम भावना को प्राथमिकता दी और अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखा। उनकी कार्यशैली की मुख्य विशेषताओं में परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना, उनकी पीड़ा को समझना और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना शामिल था। कार्यशैली रही शानदार
उनके कुशल नेतृत्व में जिले में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। इनमें साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला सुरक्षा के लिए सुदृढ़ प्रयास, मादक पदार्थों की रोकथाम और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना शामिल है। उनके कार्यकाल में पुलिस विभाग ने आमजन के बीच विश्वास और बेहतर कार्यसंस्कृति स्थापित की। उनके कार्यकाल की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि डीडवाना-कुचामन जिले के 6 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला। इसे जिले की प्रभावी पुलिसिंग और उनके उत्कृष्ट नेतृत्व का प्रमाण माना जा रहा है।
विदाई समारोह में एएसपी हिमांशु शर्मा, वृत्ताधिकारी डीडवाना जेठू सिंह, सीए श्रवण कुमार और साइबर सेल इंचार्ज प्रेम प्रकाश सहित कई उप निरीक्षक और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


