शातिर बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा गया:बाइक और लाइसेंसी पिस्टल चोरी सहित कई वारदातों में था शामिल

शातिर बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा गया:बाइक और लाइसेंसी पिस्टल चोरी सहित कई वारदातों में था शामिल

जाजमऊ पुलिस ने बुधवार को एक शातिर बदमाश को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर बाइक चोरी, घरों में चोरी और लाइसेंसी पिस्टल चोरी सहित कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शातिर बदमाश पोखरपुर स्थित बक्कल मैदान में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शंकर साहू निवासी तिवारीपुर बताया। उसने पुलिस को जानकारी दी कि उसने उन्नाव के कटरी क्षेत्र से पांच हजार रुपये में अवैध असलहा खरीदा था। इसी असलहे के दम पर वह रात में इलाके की रेकी कर राहगीरों और बंद घरों को निशाना बनाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पुराना है। वर्ष 2020 में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। मार्च 2022 में उसने जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट क्षेत्र से बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसके अतिरिक्त, 20 जनवरी 2022 को लाइसेंसी पिस्टल, स्कूटी, जरूरी दस्तावेज और नगदी चोरी के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। मार्च 2022 में पुलिस ने उसके कब्जे से दो स्कूटी, एक बाइक और नगदी भी बरामद की थी। जाजमऊ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य अपराधों और उसके साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *