उन्नाव में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें उद्योगों से जुड़े बिजली, पानी, सड़क मरम्मत, जल निकासी, नाला निर्माण और अतिक्रमण जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी मामलों में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान, जिलाधिकारी ने कनिष्ठ आयरन प्राइवेट लिमिटेड के क्षतिग्रस्त मार्ग के चौड़ीकरण, डामरीकरण और नाले की मरम्मत से संबंधित मामले की समीक्षा की। इस प्रकरण पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत की अनुपस्थिति पर, जिलाधिकारी ने उनका वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया। आईआईए से संबंधित नाला निर्माण के मामले में, जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। दयालखेड़ा मार्ग की मरम्मत और नाली निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। सीएलई इकाई के प्रकरण में, कानपुर-लखनऊ हाईवे से प्रशिक्षण केंद्र तक जाने वाली सड़क के निर्माण के लिए अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एचपी गैस प्लांट के बाहर सड़क पर गैस टैंकर खड़े होने से हो रही असुविधा पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को सड़क पर खड़े वाहनों का अधिक से अधिक चालान करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि इन टैंकरों के कारण कोई असुविधा या दुर्घटना होती है, तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी साइड-2 में जल निकासी न होने से सड़क क्षतिग्रस्त होने के मामले में, जिलाधिकारी ने यूपीसीड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि वर्षा से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सफाई और मरम्मत कार्य कराया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि समय पर सुधार नहीं हुआ, तो डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए। बैठक में, जिलाधिकारी ने भूमि विनिमय, नाला सफाई, अतिक्रमण हटाने और अग्नि सुरक्षा के लिए पानी की टंकी निर्माण जैसे अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निर्माण सहित अन्य औद्योगिक प्रकरणों की भी समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कृति राज समेत अन्य अधिकारी एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


