रामानुजगंज के शिवपुर में तेंदूपत्ता खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार देर रात विरोध प्रदर्शन किया। संग्राहकों ने आरोप लगाया कि 100 से अधिक लोगों के तेंदूपत्ता खरीदने के बावजूद उनके कार्ड में एंट्री नहीं की गई। इस अव्यवस्था से नाराज होकर संग्राहक देर रात रामचंद्रपुर-सनवाल मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीण रात लगभग 9 बजे से 12 बजे तक सड़क पर प्रदर्शन करते रहे, जिससे यातायात बाधित हुआ। मामले की सूचना मिलने पर विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया और मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। गुरुवार सुबह डॉ. दिलरुबा बानो वन अमले के साथ खरीदी केंद्र पहुंचीं। उन्होंने केंद्र का निरीक्षण किया और संग्राहकों की शिकायतें सुनीं। रेंजर ने आश्वासन दिया कि तेंदूपत्ता खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाएगा, साथ ही सभी संग्राहकों के कार्ड में एंट्री सुनिश्चित की जाएगी।


