सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मालगोदाम परिसर में मंगलवार शाम करीब 6 बजे एक युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद मजदूरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बस स्टॉप के बीच स्थित मालगोदाम रेलवे लाइन के पास अचानक एक युवक झुलसी अवस्था में नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्थानीय मजदूरों ने युवक को तड़पता देख तुरंत मदद की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की सहायता से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक संभवतः मालगाड़ी की छत पर चढ़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि वह आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि युवक करीब 60 प्रतिशत तक गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि हालत में सुधार होने के बाद ही युवक से पूछताछ संभव हो सकेगी। वहीं पुलिस ने युवक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। युवक के कपड़ो से कोई दस्तावेज भी नहीं मिल है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।


