नगर पालिका परिषद सुलतानपुर ने ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए आमजनमानस और राहगीरों के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसी क्रम में कुल 10 आरओ युक्त वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं। मंगलवार को नगर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक स्थल चौक घंटाघर पर एक आरओ युक्त वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया। पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने विधिवत पूजन-अर्चन कर इस वाटर कूलर का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि यह पहल गर्मी और लू के प्रकोप से बचाव के लिए की गई है, ताकि लोगों को शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके। इससे पहले, पालिका द्वारा पयागीपुर चौराहा, पर्यावरण पार्क, शाहगंज चौराहा, नगर पालिका गेट, जिला अस्पताल परिसर, कलेक्ट्रेट परिसर, तहसील कार्यालय शौचालय के पास, विवेक नगर चौराहा और दीवानी न्यायालय परिसर में भी आरओ युक्त वाटर कूलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इन स्थायी व्यवस्थाओं के अतिरिक्त, पालिका ने गर्मी से राहत देने के लिए अस्थायी प्याऊ भी स्थापित किए हैं। बस स्टेशन आजाद पार्क के सामने, रेलवे स्टेशन गेट के बगल और विकास भवन गेट के बगल छायादार शेड युक्त अस्थायी निर्माण कर निःशुल्क प्याऊ लगाए गए हैं। इन प्याऊ पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कर्मचारियों को नियुक्त कर राहगीरों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। लोकार्पण कार्यक्रम का संयोजन स्थानीय सभासद दिनेश चौरसिया ने किया। इस अवसर पर राधेश्याम सोनी, आजाद सेठ, दिलीप बरनवाल, ओम शंकर बरनवाल, राजेश माहेश्वरी, राजकुमार जायसवाल, लड्डू सोनी, अमित बरनवाल, मनोजपुरी, विनय चौरसिया, सुनील चौरसिया, प्रमोद कौशल, पवन सोनी, रितेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


