हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार सुबह अपराध जांच शाखा और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना नूंह-उटावड़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास हुई। इस दौरान एक गो-तस्कर को दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। अपराध जांच शाखा नूंह के प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को गो-तस्करों द्वारा वाहन में गोवंश ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपियों ने वाहन को तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। आरोपियों ने की पुलिस पर फायरिंग पीछा करने के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमास खान निवासी उटावड़ नामक गो-तस्कर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, तीन खाली खोल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, चार गोवंश और एक ईको कार को भी कब्जे में लिया गया है। फरार हुए दो अन्य गो-तस्करों की तलाश जारी है। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात आरोपियों के भागने की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं। नूंह सदर थाना पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने गो-तस्करी, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


