करौली में प्री-डीएलएड परीक्षा बुधवार को आयोजित की जाएगी। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुल 25 परीक्षा केंद्रों पर 16,867 अभ्यर्थी 2 पारियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा के जिला समन्वयक एवं राजकीय महाविद्यालय करौली के प्रिंसिपल रफीक अहमद ने बताया कि करौली मुख्यालय पर 13 और हिण्डौन सिटी मुख्यालय पर 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। आधा घंटा पहले तक मिलेगा प्रवेश
परीक्षार्थियों को प्रथम पारी के लिए सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक और द्वितीय पारी के लिए दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता दलों का गठन किया है। जिला सह समन्वयक डॉ. रामलखन मीणा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस प्रशासन द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। केंद्राधीक्षकों और केंद्र पर्यवेक्षकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।


