गाजियाबाद में सुबह से गर्म हवा चलनी शुरू हो गई है, आज मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। आज हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से है, 3 दिनों से लगातार दोपहर में गर्म हवाएं चल रही है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले रविवार और सोमवार को भी पूरे दिन गर्म हवाएं चलती रहीं। मई महीना आधे से अधिक बीतने के साथ ही शहर में भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। रातभर आधे शहर में अंधेरा पसरा रात में 9 बजे के बाद आधे शहर में सन्नाटा पसर गया। जहां भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। मोरटा फीडर पर सप्लाई में दिक्कत से अंधेरा छाया रहा। सोमवार रात 9 बजे के बाद हापुड़ रोड की सभी सोसायटी, पुलिस लाइन, प्रताप विहार, कविनगर में भी अंधेरा रहा। विजयनगर, क्रासिंग रिपब्लिक, कोतवाली, लोनी आौर इंदिरापुरम क्षेत्रों में भी बिजली कटौती रही। अगले 5 दिनों तक लू चलने की संभावना मौसम विभाग की एडवाइजरी के अनुसार आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में लू चलने की संभावना है। तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान जताया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक गाजियाबाद में 44.48 डिग्री सेल्सियस तापमान होने पर हीट वेव घोषित की जाती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का बढ़ा खतरा विशेषज्ञों के अनुसार ज्यादा आर्द्रता और गर्म वातावरण के कारण शरीर पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इससे डिहाइड्रेशन, ऐंठन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर स्थिति में जान का खतरा भी बढ़ जाता है। शहरी क्षेत्रों में तापमान अधिक होने के कारण अर्बन हीट आइलैंड जैसी स्थिति बन रही है। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, मजदूरों और बीमार लोगों पर पड़ता है। दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें वैभव पाण्डये ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने, सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकने और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहने को कहा गया है। सफर के दौरान अपने साथ पानी रखने की भी सलाह दी गई है। ओआरएस और घरेलू पेय पदार्थ पीने की सलाह विशेषज्ञों ने शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल, नारियल पानी, लस्सी, छाछ, नींबू पानी और आम का पन्ना जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने को कहा है। कमजोरी, चक्कर या तबीयत खराब महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है। साथ ही घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे और शटर का इस्तेमाल करने को कहा गया है।


