बाड़मेर | बाड़मेर के डोला डूंगरी स्थित मां सच्चियाय मंदिर परिसर में मां सच्चियाय युवा परिषद और मां सच्चियाय मंदिर ट्रस्ट के तहत बायोडाटा लिखो प्रतियोगिता आयोजित हुई। यह 117वीं रविवारीय प्रतियोगिता थी। तीन वर्गों में कुल 145 बच्चों ने भाग लिया। मुख्य संयोजक नरेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि तीनों वर्गों में 9 विद्यार्थियों को विजेता घोषित किया गया। 4 सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। लाभार्थी के रूप में लीला जांगिड़ के परिवार ने पुरस्कार वितरण किया। निर्णायक मीनाक्षी वशिष्ठ, गरिमा छाजेड़ और छगनलाल बोथरा ने परिणाम जारी किए। छगनलाल बोथरा ने बताया कि बायोडाटा, रिज्यूम और सीवी अलग-अलग जरूरतों के लिए उपयोग होते हैं। बायोडाटा में व्यक्तिगत जानकारी अधिक होती है और इसका उपयोग अक्सर विवाह या सरकारी कार्यों में किया जाता है। रिज्यूम निजी नौकरी के लिए संक्षिप्त पेशेवर दस्तावेज होता है। सीवी शिक्षा और शोध क्षेत्रों में विस्तृत जानकारी के लिए उपयोग होता है।


