बलिया में शादी की सालगिरह पर पथराव:परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह को सुरक्षित निकाला गया

बलिया में शादी की सालगिरह पर पथराव:परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह को सुरक्षित निकाला गया

बलिया के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव में रविवार रात एक वैवाहिक वर्षगांठ कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच संघर्ष और पथराव हो गया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह भी मौजूद थे। घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मंत्री को सुरक्षा घेरे में लिया और उन्हें सुरक्षित वाहन में बैठाकर मौके से रवाना किया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई में जुट गयी। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह घटना भीखपुर निवासी नितेश उपाध्याय की शादी की सालगिरह के अवसर पर हुई। बताया जा रहा है कि नितेश उपाध्याय का उनके पट्टीदार सियाराम उपाध्याय के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से पुराना विवाद चल रहा है। रविवार रात जैसे ही परिवहन मंत्री नितेश के घर पहुंचे, पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष की ओर से अचानक ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। थानाध्यक्ष बंश बहादुर सिंह ने बताया कि यह दो पक्षों के बीच विवाद का मामला है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिवहन मंत्री घटना शुरू होने से पहले ही वहां से निकल चुके थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *