Bihar में Gautam Adani की बड़ी सौगात, 150 करोड़ से बनेगा Eye Hospital, हर साल 3.3 लाख ऑपरेशन

Bihar में Gautam Adani की बड़ी सौगात, 150 करोड़ से बनेगा Eye Hospital, हर साल 3.3 लाख ऑपरेशन
बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने रविवार को बिहार के सारण जिले में 150 करोड़ रुपये की नेत्र स्वास्थ्य परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के तहत आंखों के इलाज और नेत्र चिकित्सा प्रशिक्षण के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बता दें कि यह परियोजना सारण जिले के मस्तिचक स्थित अखंड ज्योति ट्रस्ट से जुड़ी होगी। यहां पहले से संचालित अखंड ज्योति नेत्र अस्पताल के साथ मिलकर नया स्वास्थ्य ढांचा तैयार किया जाएगा। मौजूद जानकारी के अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद यहां हर साल करीब 3.3 लाख आंखों के ऑपरेशन किए जा सकेंगे और लगभग 1000 नेत्र स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अडानी समूह ने बताया कि इस योजना के तहत “अडानी सेंटर फॉर आई” और “अडानी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन” नाम से दो बड़े केंद्र विकसित किए जाएंगे। दावा किया जा रहा है कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का दुनिया के सबसे बड़े नेटवर्क में से एक बन सकता हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में गौतम अडानी के साथ उनकी पत्नी और प्रीति अडानी भी मौजूद रहीं। इस दौरान अखंड ज्योति ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृत्युंजय तिवारी ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
गौतम अडानी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह “सेवा ही साधना है” की सोच में विश्वास रखते हैं। उन्होंने अखंड ज्योति फाउंडेशन के लिए व्यक्तिगत रूप से 500 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की। उनका कहना था कि इस सहयोग का उद्देश्य देशभर में दीर्घकालिक मानवीय और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।
गौरतलब है कि अडानी फाउंडेशन की ओर से पूर्वी बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की भी योजना बनाई गई हैं। समूह ने घोषणा की है कि भागलपुर जिले के पीरपैंती इलाके में 200 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। यह अस्पताल अडानी समूह की प्रस्तावित ताप विद्युत परियोजना के आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
गौतम अडानी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी बिहार की सराहना करते हुए लिखा कि बिहार वह धरती है जिसने देश को हमेशा नई सोच और नई दिशा दी हैं। उन्होंने कहा कि अडानी अखंड ज्योति फाउंडेशन सेवा की इसी भावना को देश के जरूरतमंद इलाकों तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।
मौजूद जानकारी के अनुसार, बिहार के ग्रामीण इलाकों में आंखों से जुड़ी बीमारियों और इलाज की सीमित सुविधाओं को देखते हुए इस परियोजना को काफी अहम माना जा रहा हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह योजना तय समय में पूरी होती है तो पूर्वी भारत के लाखों लोगों को सस्ती और बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *