कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में एक छात्रा ने होटल मैनेजर समेत चार लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि उसे जबरन शराब पिलाई गई, फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किसी तरह जान बचाकर भागी छात्रा ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। छात्रा बोली- कपड़े फाड़कर किया दुष्कर्म गोविंद नगर निवासी छात्रा के मुताबिक, वह रविवार देर शाम कल्याणपुर स्थित एक होटल में किसी निजी कार्य से गई थी। आरोप है कि होटल मैनेजर ने उसे जबरन शराब पिलाई और अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता का कहना है कि जब उसने वहां से भागने की कोशिश की तो एक युवक ने उसे पकड़कर गिरा दिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद सभी आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह वहां से निकलकर उसने अपनी जान बचाई। छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे सड़क तक दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास करते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस, एक युवक हिरासत में 112 नंबर पर सूचना मिलने के बाद कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़िता ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सोमवार को एस एम कासिम आबिदी भी कल्याणपुर थाने पहुंचे और छात्रा से घटना की जानकारी ली। डीसीपी बोले- तहरीर के आधार पर जांच जारी डीसीपी वेस्ट एस एम कासिम आबिदी ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


