फरीदकोट में नगर काउंसिल चुनावों में शिरोमणि अकाली दल ने पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद करने की आशंका जताई है और इस मुद्दे को लेकर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी व कांग्रेस पर अधिकारियों से मिलकर साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए है। सोमवार को उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच हो रही है और अपनी आशंकाओं के बीच शिअद नेता परमबंस सिंह रोमाणा द्वारा पार्टी उम्मीदवारों को साथ लेकर रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम से मुलाकात की गई। अकाली दल बोला- उम्मीदवारों के खिलाफ लगाए गए आपत्तियां पूरी तरह निराधार शिअद के अनुसार उनके उम्मीदवारों के खिलाफ झूठे और बेबुनियाद आपत्तियां लगाकर उनके नामांकन पत्र रद्द करवाने की कोशिश की जा रही है और उम्मीदवारों के खिलाफ लगाए गए आपत्तियां पूरी तरह निराधार और हास्यास्पद हैं। बंटी रोमाणा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर शिरोमणि अकाली दल के खिलाफ अभियान चला रही हैं और इसी के तहत उनके उम्मीदवारों के खिलाफ जानबूझकर आपत्तियां पेश की जा रही हैं ताकि उनके नामांकन पत्र रद्द करवाए जा सकें। उन्होंने बताया कि इसी संबंध में उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम से मुलाकात कर मांग की कि बिना उचित जांच के किसी भी झूठी आपत्ति के आधार पर अकाली उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द न किए जाएं। मीडिया से बातचीत के दौरान बंटी रोमाणा ने कहा कि यदि किसी अधिकारी ने सत्ताधारी दल के दबाव में आकर उनके उम्मीदवारों के खिलाफ कार्रवाई की या नामांकन पत्र रद्द किए, तो शिरोमणि अकाली दल हाईकोर्ट का रुख करेगा और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी-शिअद इस मौके पर शिअद नेता बंटी रोमाणा ने कहा कि चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ होने चाहिए और जनता को ही फैसला करने का अधिकार होना चाहिए। अगर किसी पार्टी ने जनता के लिए काम किए हैं तो जनता उन्हें खुद चुनेगी। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बंटी रोमाणा ने यह भी आरोप लगाया कि देर रात तक आम आदमी पार्टी के नेता चुनाव अधिकारियों के कार्यालयों में मौजूद रहे और वहां अकाली उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द करवाने की रणनीति बनाई जा रही थी।


