कानपुर के पनकी थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सोमवार को दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 11 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से कानपुर और आसपास के जिलों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। वाहन चेकिंग के दौरान मिली सफलता पनकी पुलिस सोमवार को क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ कपली अंडरपास तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान धर्मेंद्र कुमार गौतम निवासी बिल्हौर और नूर आलम निवासी पनकी कटरा के रूप में बताई। घने जंगलों में छिपाकर रखते थे चोरी की बाइक तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। साथ ही 11 हजार रुपये नकद भी मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह कानपुर नगर और आसपास के जिलों से बाइक चोरी कर कपली क्षेत्र के पास घने जंगलों में छिपाकर रखते थे। बाद में इन्हें सस्ते दामों में बेचने की तैयारी करते थे। कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट और अन्य मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके गैंग से जुड़े अन्य साथियों की तलाश कर रही है। डीसीपी वेस्ट बोले- अन्य साथियों की तलाश जारी एस एम कासिम आबिदी ने बताया कि पनकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से 10 चोरी की बाइक बरामद हुई हैं। आरोपी चोरी की बाइक बेचकर अपने शौक पूरे करते थे। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।


