बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत:लातेहार के केनाटोली गांव में हुआ हादसा, पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी

बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत:लातेहार के केनाटोली गांव में हुआ हादसा, पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी

लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के केनाटोली गांव में सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान केनाटोली निवासी 35 वर्षीय कुंदन तिग्गा, पिता मिलकुस तिग्गा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुंदन तिग्गा अपनी स्कूटी से महुआडांड़ की ओर जा रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुंदन तिग्गा सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बताया गया है कि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल कुंदन तिग्गा को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया है। महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *