फर्रुखाबाद में ब्लड बैंक की शिकायतों पर DM सख्त:7 दिन में मांगी जांच रिपोर्ट, रेड क्रॉस सोसाइटी की बैठक में एनीमिया स्क्रीनिंग और मेडिकल कैंप के निर्देश

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में राम मनोहर लोहिया अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में ब्लड स्टोरेज और जांच संबंधी अनियमितताओं की शिकायतों पर तत्काल जांच के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 7 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी अस्पतालों को बनाया जाएगा सदस्य बैठक में जनपद के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों तथा नर्सिंग होम को रेड क्रॉस सोसाइटी का संस्थागत सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सभी स्कूलों में एनीमिया स्क्रीनिंग और निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। बच्चों में एनीमिया पर विशेष फोकस जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों में खून की कमी की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर असर न पड़े। बैठक में एनीमिया और टीबी के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया गया। जनहित कार्यों की हुई समीक्षा बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इस मौके पर सीडीओ, सीएमओ, सीएमएस, एसीएमएस, डीआईओएस, सिविल डिफेंस चीफ वार्डन समेत रेड क्रॉस सोसाइटी के उप सभापति शीश मेहरोत्रा, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, कौशल्या गिरी, आयुषीमेंद्र परिहार, अमित सक्सेना और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *