भारती एयरटेल 18 मई को मार्केट कैप के मामले में HDFC बैंक को पीछे छोड़कर भारत की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी बन गई। कारोबार के दौरान एयरटेल के शेयरों में 2% तक की तेजी दर्ज की गई, जिससे कंपनी का शेयर ₹1,953.8 के स्तर पर पहुंच गया। इस तेजी के साथ ही एयरटेल का कुल मार्केट कैप बढ़कर करीब ₹12 लाख करोड़ हो गया, जबकि HDFC बैंक का मार्केट कैप ₹11.8 लाख करोड़ पर आ गया था। वहीं मार्केट बंद होने पर एयरटेल का शेयर 1.66% की तेजी के साथ 1,937 के स्तर पर बंद हुआ। HDFC बैंक का 0.17% की तेजी के साथ 768.80 के स्तर पर बंद हुआ। क्लोजिंग पर एयरटेल का मार्केट कैप घटकर 11.6 लाख करोड़ रुपए पर आ गया। वहीं HDFC बैंक का मार्केट कैप बढ़कर 11.84 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। पिछले एक हफ्ते में एयरटेल के शेयर 10% चढ़े पिछले एक सप्ताह के दौरान भारती एयरटेल के शेयरों में 10% की बढ़त देखने को मिली है। इसी अवधि के दौरान HDFC बैंक के शेयरों में सिर्फ 1% का ही उछाल आया है। फिलहाल देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है, जिसका मार्केट कैप ₹18.04 लाख करोड़ है। चेयरमैन के इस्तीफे से HDFC बैंक को नुकसान प्राइवेट सेक्टर के HDFC बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस इस्तीफे के बाद से बैंक के शेयरों पर काफी बुरा असर पड़ा है। पिछले छह महीनों के दौरान HDFC बैंक के शेयरों में 22% की भारी गिरावट दर्ज की गई है। चौथी तिमाही में एयरटेल का नेट प्रॉफिट 33.5% घटा वित्त वर्ष 2026 की जनवरी-मार्च तिमाही (Q4 FY26) में भारती एयरटेल का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 33.5% घटकर ₹7,325 करोड़ रहा है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का पैरेंट ओनर्स को मिलने वाला कंसोलिडेटेड प्रॉफिट ₹11,021.8 करोड़ था। हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी के प्रॉफिट में 10.4% की बढ़ोतरी हुई है। एयरटेल के ऑपरेशन से रेवेन्यू में 15.6% का उछाल देश की इस दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी का ऑपरेशंस रेवेन्यू Q4 FY26 में सालाना आधार पर 15.6% बढ़कर ₹55,383.2 करोड़ हो गया है, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹47,876.2 करोड़ था। तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में 2.5% की ग्रोथ दर्ज की गई है। सालाना आधार पर भारती एयरटेल का भारतीय रेवेन्यू 7.7% बढ़कर ₹39,566 करोड़ रहा है। कंपनी के भारतीय मोबाइल रेवेन्यू में 8.3% की ग्रोथ हुई है, जिसका मुख्य कारण बेहतर रियलाइजेशन और बढ़ता हुआ कस्टमर बेस है। इस तिमाही के दौरान एयरटेल का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) ₹257 दर्ज किया गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹245 था। फ्यूचर प्लान: 56 एज डेटा सेंटर बनाएगी कंपनी कंपनी के एक टॉप ऑफिशियल ने जानकारी दी है कि भारती एयरटेल इस सेगमेंट में अपने बिजनेस को बड़ा करने के प्लान पर काम कर रही है। इसके तहत अगले 18 से 24 महीनों में 56 एज डेटा सेंटर स्थापित किए जाएंगे। भारती एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के अर्निंग कॉल के दौरान कंपनी के फ्यूचर प्लान्स की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी डेटा सेंटर्स में निवेश करने, ऑप्टिकल फाइबर केबल नेटवर्क को मजबूत करने और हाल ही में घोषित नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज (NBFC) को बढ़ाने पर फोकस करेगी। कंपनी ने नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज में ₹20,000 करोड़ के निवेश की घोषणा की है। क्या होता है एवरेज रेवेन्यू पर यूजर? एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) टेलीकॉम कंपनियों के लिए कमाई का एक जरूरी पैमाना है। इससे पता चलता है कि कंपनी हर महीने अपने एक औसतन ग्राहक से कितना पैसा कमा रही है। एयरटेल का ARPU ₹245 से बढ़कर ₹257 हो गया है, जो इसकी मजबूत स्थिति को दिखाता है। क्या होते हैं एज डेटा सेंटर? ये छोटे डेटा सेंटर होते हैं जो यूजर और डिवाइसेज के करीब स्थित होते हैं। इनका इस्तेमाल डेटा प्रोसेसिंग की स्पीड बढ़ाने और इंटरनेट लैग (देरी) को कम करने के लिए किया जाता है, जिससे ग्राहकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलती है। ये खबर भी पढ़ें… डॉलर के मुकाबले रुपया पहली बार 96.18 पर पहुंचा: कच्चा तेल भी 2% बढ़कर 110 डॉलर के पार; सेंसेक्स 1000 अंक गिरने के बाद रिकवर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच आज सोमवार 18 मई को भारतीय रुपए में रिकॉर्ड गिरावट है। डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे कमजोर होकर 96.18 पर पहुंच गया। कच्चा तेल भी 2% बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
एयरटेल देश की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी बनी:मार्केट कैप ₹12 लाख करोड़ के करीब पहुंचा, HDFC बैंक को पीछे छोड़ा


