खाने के बाद मीठा खाने की आदत कैसे बढ़ा सकती है Type 2 Diabetes का खतरा? डॉक्टर से जनिए

खाने के बाद मीठा खाने की आदत कैसे बढ़ा सकती है Type 2 Diabetes का खतरा? डॉक्टर से जनिए

Diabetes Symptoms: कई लोगों की आदत होती है लंच या डिनर के बाद कुछ मीठा खाने की। कोई मिठाई खाता है, कोई आइसक्रीम, तो कोई केक या चॉकलेट। ज्यादातर लोग सोचते हैं कि खाना खाने के बाद थोड़ा मीठा खाने से कोई नुकसान नहीं होता। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि यही आदत आगे चलकर टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ा सकती है।

डॉ. दीपक चंद गुप्ता, सीनियर कंसलटेंट – एंडोक्राइनोलॉजी के मुताबिक, भारतीय खाने में पहले से ही चावल, रोटी और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा ज्यादा होती है। ऐसे में अगर तुरंत बाद मिठाई खाई जाए, तो शरीर में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ता है।

शरीर पर कैसे पड़ता है इसका असर?

जब शरीर में अचानक ज्यादा शुगर पहुंचती है, तो पैंक्रियाज को ज्यादा इंसुलिन बनाना पड़ता है ताकि ब्लड शुगर कंट्रोल में रहे। अगर यह प्रक्रिया रोज होती रहे, तो धीरे-धीरे शरीर इंसुलिन के असर को कम महसूस करने लगता है। इस स्थिति को इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है, जो आगे चलकर टाइप 2 डायबिटीज (Type 2 Diabetes) की वजह बन सकता है।

डायबिटीज से पहले शरीर देता है ये संकेत

डॉक्टर बताते हैं कि डायबिटीज अचानक नहीं होती। शरीर पहले ही कई छोटे संकेत देने लगता है, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। जैसे:

  • पेट के आसपास चर्बी बढ़ना
  • जल्दी थकान महसूस होना
  • बार-बार भूख लगना
  • फैटी लिवर की समस्या
  • ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ना
  • फास्टिंग शुगर का बॉर्डरलाइन रहना

अगर समय रहते इन संकेतों पर ध्यान न दिया जाए, तो आगे चलकर डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।

तनाव और खराब लाइफस्टाइल भी बढ़ाते हैं खतरा

कम नींद, देर रात खाना, घंटों बैठकर काम करना और लगातार तनाव भी ब्लड शुगर को प्रभावित करते हैं। खासकर उन लोगों में जिनके परिवार में पहले से डायबिटीज की हिस्ट्री हो, उन्हें ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होती है।

डॉक्टर के अनुसार, भारतीयों में कम उम्र और कम वजन में भी डायबिटीज होने का खतरा ज्यादा देखा जाता है।

क्या मिठाई पूरी तरह छोड़ देना चाहिए?

मिठाई पूरी तरह छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी जरूरत नहीं है। लेकिन इसे रोज की आदत बनाना सही नहीं माना जाता। कभी-कभार और सीमित मात्रा में मिठाई खाना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।

डायबिटीज से बचने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

  • रोज खाने के बाद मीठा खाने से बचें
  • फाइबर और प्रोटीन वाली चीजें ज्यादा खाएं
  • रोज कम से कम 30 मिनट वॉक करें
  • वजन और पेट की चर्बी कंट्रोल रखें
  • पर्याप्त नींद लें
  • तनाव कम करने की कोशिश करें
  • समय-समय पर ब्लड शुगर टेस्ट करवाएं

एक्सपर्ट की सलाह

डॉ. गुप्ता का कहना है कि त्योहार या खास मौके पर मिठाई खाना नुकसानदायक नहीं है। लेकिन अगर हर खाने के बाद मीठा खाना रोज की आदत बन जाए, तो यह धीरे-धीरे शरीर को टाइप 2 डायबिटीज की तरफ ले जा सकता है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *