पीलीभीत जिले के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में रविवार को देवहा नदी में ट्रैक्टर से स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। कामघाट पुल के नीचे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से युवक नदी में डूब गया। बाद में पुलिस और गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान राजेश (28) निवासी लिलहर मुड़िया गांव, थाना करेली, बरेली के रूप में हुई है। नहाते समय करने लगा स्टंट जानकारी के मुताबिक राजेश ट्रैक्टर लेकर ईंट भट्ठे के काम से घुंघचिहाई जा रहा था। रास्ते में वह कामघाट पुल के पास रुका और ट्रैक्टर को नदी किनारे उतारकर नहाने लगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, नहाने के दौरान वह ट्रैक्टर से पानी में स्टंट करने लगा। इसी बीच ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और राजेश उसके भारी पहिए के नीचे आ गया। इसके बाद वह गहरे पानी में डूब गया। गोताखोरों और JCB की मदद से निकाला गया शव घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर और युवक को नदी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें नदी के पास लोगों की भीड़ और रेस्क्यू अभियान दिखाई दे रहा है। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया- सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। उसे गंभीर हालत में एम्बुलेंस से दियोरिया CHC भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


