बांदा जनपद के मतौंध कस्बे में गणेश पहाड़ी के जलकुंड में डूबे एक वृद्ध का शव 90 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो सका है। प्रयागराज से आई राज्य आपदा राहत बल (SDRF) की टीम पिछले तीन दिनों से शव की तलाश में जुटी हुई है। यह घटना 13 मई की शाम की है। मतौंध कस्बे के बेबे थोक मोहल्ला निवासी 65 वर्षीय रजौली अपनी पत्नी मंझली के साथ बकरियां चराने गए थे। प्यास लगने पर वे गणेश पहाड़ी के जलकुंड में पानी भरने गए, तभी पैर फिसलने से कुंड में गिर गए और डूब गए।
जलकुंड में लगभग 250 फीट गहरा पानी भरा हुआ है, जिसके कारण SDRF के सदस्यों और गोताखोरों को शव खोजने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार जाल डालने के बावजूद शव उसमें नहीं फंस रहा है। शव की तलाश के दौरान थानाप्रभारी दीपेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी और राजस्व कर्मी मौके पर मौजूद हैं। वृद्ध का शव न मिलने से परिजन काफी चिंतित हैं और शव बरामद होने का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में मातौंद थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आपदा राहत बल के साथ पुलिस की टीम लगातार तलाश कर रही है।


