Bihar Weather भीषण गर्मी के बीच बिहार के 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

Bihar Weather भीषण गर्मी के बीच बिहार के 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

Bihar Weather बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने रविवार को लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम के अचानक करवट लेने से राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसके चलते बिहार के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात का खतरा बढ़ गया है।

16 जिलों में ऑरेंज, 22 में येलो चेतावनी

मौसम विभाग ने रविवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मध्यम बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसका असर आने वाले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है।

उमस से राहत नहीं

बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी और लू से थोड़ी राहत मिल सकती है, हालांकि इससे उमस बढ़ने की संभावना भी जताई गई है। शनिवार को भभुआ 41.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। डेहरी में 40.6 डिग्री और पटना में 37.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बावजूद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में बहुत अधिक गिरावट की संभावना नहीं है।

मानसून की जल्दी दस्तक की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में इस वर्ष मानसून समय से पहले पहुंच सकता है। आमतौर पर मानसून 12 से 15 जून के बीच बिहार में प्रवेश करता है, लेकिन इस वर्ष इसके 8 से 10 जून के बीच आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है, जिसका असर बिहार समेत पूरे पूर्वी भारत में देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *