दतिया जिले के जिगना थाना क्षेत्र अंतर्गत झांसी हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन घटनास्थल पर गिरी कार की नंबर प्लेट (MP 07 ZR 7386) से वाहन की पहचान हो गई है। साले को छोड़ने जा रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, ग्राम जौहरिया निवासी मनोज यादव अपने भाई राजवीर के साथ अपने साले राहुल यादव (26) को छोड़ने ग्राम टोडा करैरा जा रहे थे। राहुल अपनी बाइक (MP 33 ME 4138) से आगे चल रहा था, जबकि मनोज और राजवीर दूसरी बाइक से उसके पीछे आ रहे थे। रात करीब 11 बजे जौहरिया गांव से निकलकर हाईवे पर महाराम यादव के घर के सामने पहुंचते ही पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने राहुल की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। कार से कुचलने के कारण गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल सड़क पर गिर पड़ा और कार उसे कुचलते हुए निकल गई। इस हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान कार की नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई थी, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिल गया है। सूचना मिलने के बाद जिगना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।


