उदयपुर जिले के वल्लभनगर-भटेवर मार्ग पर रणछोड़पुरा के समीप निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार को सड़क निर्माण में मिट्टी खाली करने आए एक डंपर में बिजली का तार फंसने और खिंचने से बिजली का पोल टूटकर एक राहगीर पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हाईवे निर्माण के तहत रोड लेवलिंग के लिए मिट्टी का भराव किया जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही भारी बिजली लाइन का तार एक डंपर में फंस गया। तारों में खिंचाव के कारण बिजली का पोल टूट गया। ग्रामीणों ने बताया कि भगा (65) पुत्र हीरालाल रावत अपनी साइकिल से खालातोड़ स्थित अपने घर की ओर जा था। बिजली के पोल और तारों की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल डांगी, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दिनेश डांगी, पप्पू लाल डांगी सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मंडल अध्यक्ष ने तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई और अपनी निजी कार से घायल को वल्लभनगर के सैटेलाइट अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बाद भगा रावत को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर वल्लभनगर थानाधिकारी पुनाराम गुर्जर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉच्युरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इनपुट : रमेश पटेल, वल्लभनगर


